चौमुहां। अकबरपुर-शेरगढ़ मार्ग में हो रहे गहरे गड्ढों में हिचकोले खाती एंबुलेंस में एक और प्रसूता ने बच्चे को जन्म दिया। स्वास्थ्यकर्मियों ने बड़ी सूझबूझ से एंबुलेंस में ही महिला की डिलीवरी कराई। जच्चा और बच्चा को सीएचसी चौमुहां पर भर्ती कराया गया है। सड़क में हो रहे गड्ढों के चलते 15 दिन में दो महिलाओं के एंबुलेंस में बच्चे हो चुके हैं।
बृहस्पतिवार की देर शाम गांव तरौली निवासी गंगाराम की पत्नी पिंकी को प्रसव पीड़ा हुई। गंगाराम ने 102 नंबर पर फोन कर एंबुलेंस बुलाई। एंबुलेंसकर्मी प्रसव पीड़ा से कराह रही पिंकी को लेकर सीएचसी चौमुहां के लिए लेकर चले। रास्ते में गांव पिल्होरा के निकट महिला को तेज प्रसव पीड़ा होने लगी।
ईएमटी रामकुमार, चालक मुकेश कुमार और आशा सुनीता ने एंबुलेंस को सड़क किनारे खड़ी कराकर पिंकी की डिलीवरी कराई। महिला ने एंबुलेंस में पुत्र को जन्म दिया। सीएचसी चौमुहां के प्रभारी अधीक्षक डॉ. संदीप चौधरी, एंबुलेंस के जिला प्रभारी कुलदीप यादव व ईएमई देवांशु चौहान ने ईएमटी, आशा व चालक द्वारा सूझबूझ से महिला का सुरक्षित प्रसव कराने पर सराहना की है।