मथुरा। दिल्ली से राजस्थान जा रही मेमू ट्रेन में बृहस्पतिवार की रात को वृद्ध का शव मिला। यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों को सूचना दी तो मथुरा में जीआरपी ने शव को ट्रेन से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की शिनाख्त कर परिजन को सूचना दी।
राजस्थान के जिला करौली स्थित थाना टोडाभीम निवासी तेजपाल सिंह ने बताया कि उनके पिता मान सिंह (63) बुधवार को दिल्ली गए थे। दिल्ली में उनका छोटा भाई हरिओम प्राइवेट कंपनी में काम करता है। बुधवार की रात को वह दिल्ली से राजस्थान के लिए चले, लेकिन घर नहीं पहुंचे। बृहस्पतिवार की रात को मथुरा जीआरपी पुलिस ने सूचना दी कि उनके पिता का शव ट्रेन में मिला है। तेजपाल सिंह ने बताया कि पिता की मौत किस कारण हुई इसकी जानकारी नहीं है।
जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षक यादराम सिंह ने बताया कि वृद्ध के पास दवा और कुछ पर्चे मिले हैं। संभवत उनकी तबीयत खराब थी। यात्रा के दौरान तबीयत खराब होने के कारण ही उनकी मौत हुई है। मौत होने की स्पष्ट वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही पता चलेगी।