मथुरा। कोटा मौजा में धरना देते भाकियू (सुनील) के कार्यकर्ता।
- फोटो : mathura
मथुरा। भूमि के उचित मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे भारतीय किसान यूनियन (सुनील) के कार्यकर्ता सोमवार को रेलवे स्टेशन मथुरा जंक्शन पहुंचेंगे। यहां प्रदर्शन किया जाएगा। अगर किसी ने उनकी मांगों पर विचार नहीं किया तो टिकट विंडो को हाईजेक करके टिकट फ्री कर दी जाएंगी। उन्होंने रेलवे ट्रैक जाम करने की भी चेतावनी दी है।
भाकियू (सुनील) के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन चतुर्वेदी ने कहा कि किसानों की भूमि के मुआवजे को लेकर पिछले 99 दिनों से कोटा मौजा पर अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है, लेकिन अब तक कोई भी प्रशासन या रेलवे के अधिकारी ने धरना स्थल पर आकर उनकी मांगों पर विचार नहीं किया है। उन्होंने कहा कि वे पूर्व में चेतावनी दे चुके हैं कि धरने के 100 दिन बाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचेंगे।
रेलवे के ट्रैक को जाम किया जाएगा। अगर फिर भी उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे टिकट विंडो पर जाकर यात्रियों को फ्री में टिकट वितरण करेंगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों में महासचिव नरोत्तम लाल पाराशर, धर्मेंद्र पाठक, मानिकचंद शर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, सोमपाल शर्मा आदि मौजूद रहे।