मथुरा। सहायक अध्यापक स्नातक (बीटीसी/डीएलएड) परीक्षा आज जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में 8 हजार से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
डीएम सीपी सिंह ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा की सुचारू व्यवस्था के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था, केंद्रों पर निगरानी, स्क्वॉड टीमों की तैनाती और परिवहन व्यवस्था सहित सभी बिंदुओं की समीक्षा की गई। डीएम ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी एवं नकलविहीन माहौल में कराई जाए। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। प्रश्नपत्रों का वितरण और संग्रहण कड़ी निगरानी में होगा। परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। परीक्षार्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने और पहचान पत्र साथ लाने को कहा है।