मथुरा। थाना गोविंद नगर में शुक्रवार की रात को भाई और भतीजी की चाकुओं से गोदकर हत्या करने वाले युवक को पुलिस तीसरे दिन रविवार तक नहीं पकड़ पाई है। एसपी सिटी ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए 4 टीमों का गठन किया है। पुलिस ने 150 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद गोवर्धन चौराहे तक हत्यारोपी को ट्रेस किया है।
शुक्रवार की रात तो गोविंद नगर क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्मस्थान के गेट नंबर तीन के निकट रहने वाले संजय (40) और उनकी बेटी अंजलि (18) की खिल्लन ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हत्यारोपी खिल्लन मौके से भाग गया। पुलिस को शक है कि हत्यारोपी दिल्ली की ओर निकला है। चूंकि उसके पास पैसे नहीं हैं तो वह किसी वाहन से लिफ्ट लेकर ही फरार हुआ होगा।
इन टीम को मिली यह जिम्मेदारी
गोविंद नगर टीम: हत्यारोपी के परिचितों से पूछताछ करेगी और दबिश देगी।
स्वाट टीम: आसपास के जिलो में हत्यारोपी की लोकेशन ट्रेस करेगी।
एसओजी टीम: सीसीटीवी फुटेज खंगालेगी।
सर्विलांस टीम: हत्यारोपी के मोबाइल नंबर, सीडीआर पर काम करेगी।
नशेड़ी और सनकी है हत्यारोपी, पड़ोसी के कमेंट पर कर दी हत्या
- एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि भाई और भतीजी के हत्यारोपी खिल्लन को तलाश रही पुलिस की जांच में अब तक यह स्पष्ट हुआ है कि वह नशेड़ी होने के साथ ही सनकी किस्म का व्यक्ति है। छोटी-छोटी बातों पर झगड़ा करना उसकी आदत बन गई थी। यही कारण था कि पत्नी छोड़कर चली गई। शुक्रवार को पड़ोसी ने झगड़े के दौरान कमेंट कर दिया था कि पहले अपनी पत्नी को संभालो उसके बाद लड़ना।
घर पर खाना नहीं मिलने पर केजेएस के भंडारे की खिचड़ी खाता था हत्यारोपी
- पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खाना न मिलने पर वह श्रीकृष्ण जन्मस्थान संस्थान (केजेएस) में भंडारे में मिलने वाली खिचड़ी खाकर अपना पेट भरता था। राशन बेचने के बाद जो पैसे मिलते थे, उससे ही अपना खर्च चलाता था।
हत्यारोपी की तलाश में एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और गोविंद नगर की टीम अलग अलग कार्य कर रही है। पुलिस की तीनों टीम अपने कार्य में लगी हैं। जल्द ही दोहरे हत्याकांड के आरोपी खिल्लन को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - श्लोक कुमार, एसएसपी