नौहझील। थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार की सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। नोएडा से आगरा की ओर जा रही एक थार गाड़ी का अचानक टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही कार में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद थार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सड़क पर पलट गई। हादसे में दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में दोनों वाहनों में सवार सात लोग घायल हो गये। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार, हादसा एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 62 गांव अवाखेड़ा के समीप हुआ। कंट्रोल रूम से घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अंजीश कुमार और उपनिरीक्षक हरेंद्र तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहगीरों की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए कैलाश अस्पताल भिजवाया। हादसे में कार सवार चालक गांव चंदेरू, बुलंदशहर निवासी मोहम्मद सईद , डेरी फार्म हाउस, गाजीपुर निवासी सलमान और रफीक तथा थार गाड़ी में सवार थाना मनोरमा गंज, इंदौर निवासी अथर्व श्रीवास्तव, आरुषी खरे, श्रेया रघुवंशी और बरखा तिवारी घायल हुए हैं।
कार सवार सलमान ने बताया कि वह अपने फूफा मोहम्मद सईद के साथ किसी आवश्यक काम से पचोखरा टूंडला जा रहे थे, जबकि थार सवार सभी लोग इंदौर से आगरा घूमने जा रहे थे। घटना के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेस-वे से हटवाकर किनारे करवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस का कहना है कि थार गाड़ी का टायर फटने के कारण हादसा हुआ है। फिलहाल सभी घायलों का जेवर के कैलाश अस्पताल में इलाज जारी है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। संवाद