प्लेयर ऑफ द मैच आर्यन तोमर को पुरस्कृत करते आयोजक।
मथुरा। आगरा के शांति निकेतन पब्लिक स्कूल के मैदान में चल रहे फर्स्ट शांतिनिकेतन अंडर-15 कप में खेले गए लीग मुकाबले में क्रिकेट एकेडमी फॉर एक्सीलेंस (सीएई) मथुरा ने टाइटंस क्रिकेट एकेडमी आगरा को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
मैच में सीएई के कप्तान अंकुल धनगर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, जो पूरी तरह सही साबित हुआ। टाइटंस आगरा की टीम 32 ओवरों में 120 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से दिव्यांश चौधरी ने 43 रन और आदित्य कुमार ने 34 रन की पारी खेली। सीएई की गेंदबाजी में आर्यन तोमर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 ओवरों में 6 रन देकर 5 महत्वपूर्ण विकेट झटके। इसके अलावा वीर प्रताप ने 2 विकेट लेकर विपक्षी टीम को दबाव में रखा।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएई की टीम ने 31 ओवरों में 5 विकेट खोकर 121 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से आर्यन तोमर ने 46 रन की अहम पारी खेली, जबकि अनमोल अग्रवाल ने 30 रन का योगदान दिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए आर्यन तोमर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। सीएई की इस जीत के साथ ही टीम ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।