वृंदावन। धर्मनगरी के विभिन्न मंदिरों व देवालयों में दीपोत्सव की धूम रही। दिवाली पर्व पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में आराध्य ने भक्तों को श्रीराम रूप में दर्शन दिए। आराध्य के दर्शनों के साथ ठाकुरजी के समक्ष दीप ज्योति जलाकर भक्तों ने श्रद्धाभाव के साथ दिवाली पर्व मनाया।
नगर के सुप्रसिद्ध श्रीठाकुरबांके बिहारी मंदिर, ठाकुर राधावल्लभ मंदिर, राधा दामोदर मंदिर, राधा श्याम सुंदर मंदिर, राधा रमण मंदिर, राधा गोकुलानंद मंदिर, राधासनेह बिहारी मंदिर सहित विभिन्न देवालयों में दीपदान करने के साथ आराध्य का पूजन अर्चन करने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। अपने आराध्य ठाकुर श्रीबांकेबिहारीजी के मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के रूप में दर्शन कर भक्त हर्षित नजर आए। हर कोई इस मनोहारी छवि के दर्शन करने के लिए लालायित नजर आया।
संपूर्ण मंदिर प्रांगण ठाकुर श्रीबांकेबिहारी और श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान हो उठा, वहीं रंग-बिरंगी लाइटिंग और दीपकों की जगमगाहट के बीच नगर के अधिकांश मंदिर-देवालय अलग ही रूप में नजर आ रहे थे। देररात तक मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा। महालक्ष्मी की आराधना के साथ भक्तों ने आराध्य ठाकुरजी के दर्शन कर जीवन में सुख समृद्धि की मनौती मांगी।