ठाकुर राधावल्लभ मंदिर में नवीन चांदी के झूले में विराजमान श्रीराधावल्लभ लाल।
वृंदावन। सावन माह में ठाकुर राधावल्लभ लाल 4.5 करोड़ रुपये से चांदी जड़ित नवीन झूले में विराजमान हुए। मंदिर वैष्णव कमेटी राजवंश द्वारा बनवाए गए झूले में पहली बार गर्भगृह के बाहर जगमोहन में विराजे श्रीराधावल्लभ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई।
रविवार शाम मंदिर के जगमोहन में चांदी से निर्मित झूले को स्थापित कर उसे सुगंधित पुष्पों से सजाया गया। साथ ही मंदिर को रंगबिरंगे कपड़ों और पुष्पों से सजाया गया। कारीगरों द्वारा करीब चार घंटे में झूले के विभिन्न हिस्सों को जोड़ कर भव्य झूला सजाया गया। पहली बार राजवंश के चांदी के झूले में विराजमान ठाकुरजी को देख श्रद्धालु श्रीहित हरिवंश के जयकारे लगाने लगे। मंदिर प्रबंधक अशोक गौतम ने बताया कि ठाकुर श्रीराधावल्लभ लाल को शाम को नवीन झूले में विराजमान कराया गया। श्रीराधावल्लभ मंदिर वैष्णव कमेटी राजवंश के सचिव पवन कुमार कसेरा ने बताया कि लगभग 200 किलो चांदी से बने झूले में लगभग 4.5 करोड़ रुपये की लागत आई है।