विकासखंड चौमुंहा के प्राथमिक विद्यालय भरना खुर्द में भी गर्मी की वजह से कक्षा चार में पढ़ने वाली छात्रा पूजा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वह जमीन पर गिर पड़ी। अध्यापकों ने छात्रा को प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद छात्रा को परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। कोटवन के परिषदीय विद्यालय में भी गर्मी के चलते एक छात्रा बेहोश हो गई।
छात्रा को प्राथमिक उपचार देने के बाद परिजनों के साथ घर भेज दिया गया। महुअल के परिषदीय विद्यालय में गर्मी की वजह से एक छात्र की तबीयत बिगड़ गई। छात्र को विद्यालय की कुर्सियों पर लिटाकर शिक्षकों द्वारा प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत में सुधार होने पर छात्र को घर भेज दिया गया।
शिक्षक नाराज, समय परिवर्तन की मांग
ऐसे मामलों से शिक्षक नेताओं में जबरदस्त नाराजगी है। प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष लोकेश गोस्वामी का कहना है कि परिषदीय स्कूलों के समय में परिवर्तन होना चाहिए। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के मीडिया प्रभारी गोवर्धन दास गुप्ता ने परिषदीय स्कूलों का समय सुबह साढ़े सात बजे से दोपहर साढ़े 12 तक किए जाने की मांग की है। पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अतुल सारस्वत का कहना है कि विद्यालय के समय में बिजली कटौती पर रोक लगाई जानी चाहिए।
सात दिन ऐसे ही रहेगा गर्मी का पारा
आने वाले सात दिनों में भी गर्मी का पारा तेज रहने की पूरी संभावना है। ऐसे में स्कूली छात्रों को विद्यालय में पढ़ने के साथ पानी, हो सके तो ग्लूकोज का सेवन करते रहना होगा। सावधानी बरतनी होगी। इसके लिए अभिभावकों को भी ध्यान देना होगा।