मथुरा। सदर बाजार थाना क्षेत्र के बाढ़पुर मोहल्ले की एक किशोरी ने शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी।
16 वर्षीय किशोरी के पिता ऑटो चालक हैं। शुक्रवार दोपहर किशोरी की मां किसी काम से घर से बाहर गई थी। लौटकर आई तो बेटी एक कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। आनन-फानन पड़ोसियों को सूचना दी। पुलिस को बुलाया। इधर, किशोरी के पिता भी मौके पर पहुंच गए।
शुरूआती जांच में किशोरी का किसी के साथ दोस्ती का प्रकरण सामने आया है। हालांकि परिवार की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की जा रही है। किशोरी द्वारा उठाए इस आत्मघाती कदम से परिवार सदमे में है। सीओ सिटी अभिषेक तिवारी के अनुसार शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे। उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।