मांट (मथुरा)। युवक ने पड़ोस में रहने वाली किशोरी को घर बुलाया और छेड़छाड़ करने लगा। जब किशोरी ने इसका विरोध किया तो उसे बाथरूम में बंद कर दिया। इधर परिजन तलाश करते हुए युवक के घर पहुंचे तो उसकी मां ने किशोरी के वहां होने से मना कर दिया। मौका देखकर किसी तरह किशोरी छत से कूदकर अपने घर पहुंची। तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर युवक की तलाश में जुट गई है।
मामला थाना मांट क्षेत्र के एक गांव का है। कक्षा आठ में पढ़ने वाली किशोरी मंगलवार दोपहर लापता हो गई। परिजन ने उसकी खोज की पर कहीं पता नहीं चला। शाम सात बजे किशोरी बदहवास हालात में घर पहुंची। परिजन के पूछने पर किशोरी ने बताया कि पड़ोस में रहने वाला युवक उसे अपने घर बुलाकर ले गया। वहां उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। जब विरोध किया तो युवक ने उसे बाथरूम में बंद कर दिया। जैसे-तैसे उसने बाथरूम की कुंडी खोली और छत से कूद कर घर पहुंची।
किशोरी के पिता ने बताया कि जब वह पुत्री को खोजते हुए युवक के घर पहुंचे तो आरोपी की मां ने कह दिया कि किशोरी यहां नहीं आई है। सीओ आशीष शर्मा ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ अपहरण, जबरन बंधक बनाने, छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की है। पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।