मथुरा। शहर कोतवाली के डैंपियरनगर स्थित बीएसएनएल (भारत संचार निगम लिमिटेड) के कार्यालय के एमडीएफ कक्ष में मंगलवार सुबह टेक्नीशियन का शव फंदे से लटका मिला। कर्मियों की सूचना पर सीओ भूषण वर्मा व थाना प्रभारी वेदपाल सिंह पुंडीर और परिजन पहुंचे। बड़े भाई ने हत्या की आशंका जताई है। वहीं पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप कर पुलिस जांच में जुट गई।
थाना प्रभारी ने बताया कि बीएसएनएल कार्यालय के एमडीएफ कक्ष में कर्मचारी का शव फंदे पर लटके होने की सूचना मिली थी। सूचना पर परिजन भी मौके पर आ गए। मृत शख्स की पहचान थाना जमुनापार के रामनगर निवासी अवधेश कुमार शर्मा (55) के रूप में हुई। अवधेश बीएसएनएल में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थे।
सोमवार रात को वह घर से ड्यूटी पर आए थे। मंगलवार सुबह जब अन्य कर्मचारी कार्यालय पहुंचे तो उन्हें फंदे पर लटका देखा। टेक्नीशियन की पत्नी की डेढ़ साल पहले कैंसर की बीमारी से मृत्यु हो चुकी है। दो बेटों में से एक बेटा मानसिक रूप से कमजोर है। हो सकता है इसी कारण परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या की हो। अभी तक की जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। परिजन की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
इधर, अवधेश के बड़े भाई सीताराम ने हत्या की आशंका जाहिर की है। उन्होंने बताया कि उनका भाई आत्महत्या नहीं कर सकता है। यदि उसे ऐसा करना होता तो वह पत्नी की मृत्यु के बाद कर सकते थे। उनकी हत्या हुई है। पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। सेवानिवृत्ति में भी अभी पांच साल का समय था।
अवधेश कुमार शर्मा का फाइल फोटो