बरसाना (मथुरा)। स्वास्थ्य केंद्र बरसाना में एक्सरे कराने आए मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। शराब पार्टी करने में मस्त टेक्नीशियन जब बहुत देर तक नहीं आया तो इलाज को आए तीमारदारों का सब्र टूट गया और उन्होंने प्रभारी से लेकर सीएमओ तक से शिकायत कर दी। काफी देर बाद नशे में टल्ली होकर लौटे टेक्नीशियन ने आते ही अस्पताल में हंगामा करना शुरू कर दिया।
बरसाना स्वास्थ्य केंद्र में आए कस्बे के व्यापारी नेता कमल गोयन्का ने बताया कि वे अपनी पत्नी पिंकी के हाथ में चोट लगने के कारण यहां एक्सरे कराने गए थे। काफी समय तक एक्सरे नहीं होने से परेशान व्यापारी ने एक्सरे न होने की शिकायत स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी मनोज वशिष्ठ से की तो उन्होंने विक्रम गौतम को फोन लगाया। इसके बाद भी वह काफी देर तक नहीं आया। जिस पर व्यापारी नेता ने इसकी शिकायत सीएमओ से कर दी।
इसके बाद एक्सरे टेक्नीशियन नशे में धुत्त होकर आया और एक्सरे करने लगा। यही नहीं एक्सरे करने के बाद वह एक्सरे कराने आए लोगों को उल्टी सीधी रिपोर्ट बताने लगा। प्रभारी ने गलत रिपोर्ट बताने को मना किया तो नशे में धुत्त टेक्नीशियन ने हंगामा कर दिया।
सीएमओ डाॅ. संजीव यादव ने बताया कि बरसाना स्वास्थ्य केंद्र पर टेक्नीशियन के काम न करने की शिकायत मिली है। इसकी जांच एसीएमओ डाॅ. आलोक कुमार को साैंपी है। संवाद