मथुरा। बलदेव क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 127 पर हुए हादसे की जांच कर रही टीम ने रविवार को भी तकनीकी बिंदुओं का परीक्षण किया। साथ ही यमुना एक्सप्रेस-वे की खामियों को दूर करने पर जोर दिया गया। रोड सेफ्टी इंस्टीट्यूट, सेव लाइफ फाउंडेशन की टीम के जांच बिंदुओं को रिपोर्ट में शामिल करके सोमवार शाम तक रिपोर्ट शासन को भेजी जा सकती है।
हादसे के बाद प्रशासन ने एडीएम अमरेश कुमार की अध्यक्षता में छह सदस्यीय टीम गठित की है। इस टीम ने प्रारंभिक रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंप दी, लेकिन जांच का दायरा बढ़ाते हुए रोड सेफ्टी इंस्टीट्यूट, सेव लाइफ फाउंडेशन की टीम के जांच बिंदुओं को भी रिपोर्ट में शामिल किया जा रहा है। रविवार को एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार व एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत समेत अन्य अधिकारियों ने तकनीकी बिंदुओं पर गहनता से मंथन किया।
एडीएम ने बताया कि जांच टीम ने इसके अलावा भी हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा के उपायों पर विस्तृत सुझाव दिए हैं। एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा मानकों को बेहतर बनाने, सीसीटीवी कैमरों की गुणवत्ता में सुधार करने सहित 50 से ज्यादा बिंदुओं पर अपनी रिपोर्ट तैयार की गई है। ऐसे ही अधिकतर बिंदुओं पर जांच पूरी हो गई है। सोमवार को शाम तक डीएम के समक्ष प्रस्तुत करने के बाद शासन को भेजी जा सकती है।