वृंदावन। फिल्म श्रीकृष्ण जन्मभूमि के निर्माता-निर्देशक गौरव मिश्रा ने बताया कि फिल्म की शूटिंग तो पहले ही शुरू हो गई है। टीजर तैयार हो चुका है और अब मार्च महीने से ब्रज में इस फिल्म को पूरा करने के लिए शूटिंग की जाएगी।
स्थानीय एक होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने बताया कि ब्रज के केशीघाट, जयपुर मंदिर, विश्रामघाट, कुसुम सरोवर जैसी धरोहरों पर फिल्म की शूटिंग होगी। फिल्म में ब्रज संस्कृति और लोककला को भी जगह दी जाएगी। ऐसे में ब्रज के कलाकारों को भी शूटिंग में अवसर मिलेगा। करीब चार सौ ऐसे कलाकारों को ब्रज से लिया जाएगा। जो अब तक रामलीला और श्रीकृष्ण लीला में अभिनय करते रहे हैं और लोक संगीत से जुड़े रहे हैं। ऐसे कलाकारों को फिल्म में ब्रज का पुट देने के लिए शामिल किया जा रहा है। ताकि ब्रज की प्राचीन संस्कृति और लोक कला को देश दुनिया तक पहुंचाया जा सके।
फिल्म के बारे में मिश्रा ने कहा कि देश में मुगलों के आने के बाद से श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर हुए हमले और फिर मंदिर बनने के बाद ध्वस्त करने जैसे हर पहलू को दर्शाया जाएगा। फिल्म में ये भी दिया है कि किस तरह कुछ लोगों ने फर्जी तरीके से श्रीकृष्ण जन्मभूमि की वसीयत बनाकर एग्रीमेंट भी कर लिया था। एक-एक बिंदु को देश-दुनिया के सामने रखने के लिए फिल्म को तैयार किया जा रहा है, ताकि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का सच लोगों के सामने आ सके। प्रोड्यूसर प्रकाश पाटिल, कोरियोग्राफर माया मिश्रा, निर्माता महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट मौजूद रहे।