चौमुहां (मथुरा)। थाना जैत क्षेत्र में गांव राल के पास अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान दबंगों ने खनन निरीक्षक और उनकी टीम को घेर लिया। आरोपियों ने खनन अधिकारी की गाड़ी की चाभी भी निकाल ली। खनन निरीक्षक की तहरीर पर थाना जैत पुलिस ने धीरज शर्मा समेत 10-15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
खनन निरीक्षक सुभाष सिंह ने थाना जैत पर दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया है कि रविवार को क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान राल के पास चेकिंग करते समय अवैध परिवहन में संलिप्त स्टोन डस्ट से भरे एक वाहन को पकड़कर पुलिस की सहायता से थाना जैत लाया जा रहा था। इसी दौरान गांव राल के पास धीरज शर्मा दो गाड़ियों में सवार 10-15 साथियों के साथ पहुंचा।
आरोप है कि सभी ने सरकारी वाहन को चारों ओर से घेर लिया और चालक के साथ हाथापाई करते हुए गाली-गलौज की। आरोपियों ने सरकारी वाहन की चाभी छीन ली। गाड़ी में रखे दस्तावेज भी निकाल लिए। विरोध पर खनन निरीक्षक को धमकी दी कि उन्हें डंपर या ट्रक से कुचलवाकर जान से मरवा दिया जाएगा। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि अवैध खनन और परिवहन से जुड़े लोग अधिकारियों की लोकेशन व्हाट्सएप से लगातार साझा करते हैं।
घटना के बाद खनन निरीक्षक ने थाना प्रभारी को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से वह सुरक्षित थाना जैत पहुंचे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धीरज शर्मा और 10-15 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।