फोटो 23एम पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड कार्यालय में एई के कक्ष पर लटके दो ताले।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड कार्यालय में सहायक अभियंताओं के बीच कार्यालय कक्ष कब्जाने की होड़ मची है। दो सहायक अभियंताओं के स्थानांतरण के बाद लौटकर आए सहायक अभियंता ने सोमवार को सेवानिवृत्त एई के कक्ष पर अपना ताला डाल दिया है।
शासन के आदेश सितंबर माह में पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड से सहायक अभियंता एके जैन और अरुण गुप्ता का स्थानांतरण गैर जनपद हुआ था। बाहरी जनपद से स्थानांतरित होकर मथुरा आए अजय कुमार को अरुण कुमार का कक्ष आवंटित किया गया। इसी दौरान मथुरा से स्थानांतरित हुए दोनों एई ने अपना आदेश निरस्त करा लिया। एके जैन पूर्ववर्ती कक्ष में बैठने लगे तो अरुण गुप्ता बगैर निर्धारित कक्ष के ही कार्य करने लगे।
इसी दरम्यान एई बीसी मिश्रा का स्थानांतरण ब्रज तीर्थ विकास परिषद में एक्सईएन के पद पर हो गया। प्रांतीय खंड कार्यालय के सबसे सुविधाजनक इस कक्ष की चाबी बीसी मिश्रा से अरुण गुप्ता ने ले ली। इससे पहले ही अजय कुमार ने ताला डालते हुए इसे अपने उपयोग में ले लिया। अरुण गुप्ता फिर खाली हाथ रह गए। 30 नवंबर को एई एमके शर्मा सेवानिवृत्त होते ही अरुण गुप्ता ने बगैर कोई देरी किए उनके कक्ष पर ताला डाल दिया। सोमवार को इस कक्ष पर दो ताले और अरुण गुप्ता की नाम पट्टिका लगी नजर आई। बताया जा रहा है कि यहां पहले से कार्यरत अन्य सहायक अभियंताओं की नजर एमके शर्मा के कक्ष पर थी।