मथुरा के थाना रिफाइनरी पुलिस टीम ने पड़ोसी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी विष्णु पुत्र सुखलाल को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
थाना रिफाइनरी पुलिस टीम एनएच 19 स्थित चौहान फैमिली ढाबा के पास नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध काले रंग की कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने जब कार को रोकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी को आंगनपुरा वाले रास्ते पर मोड़ दिया और तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और कुछ दूरी पर घेराबंदी की।
घेराबंदी होते ही कार सवार जंगल की ओर भागा और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश विष्णु उम्र 29 वर्ष, निवासी राधा टाउन, रिफाइनरी गोली लगने से घायल हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया है। थाना रिफाइनरी पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या में मामला दर्ज है।
रिफाइनरी क्षेत्र की राधा टाउन कॉलोनी में आरोपी विष्णु ने कहासुनी के बाद वृद्ध पड़ोसी गजेंद्र कुशवाहा पर जान से मारने की नीयत से पिस्तौल से फायर कर दिया था। इसमें घायल हुए गजेंद्र कुशवाहा की इलाज के दौरान माैत हो गई थी।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल पिस्तौल और भागने के लिए इस्तेमाल की गई कार बरामद की गई है। आरोपी विष्णु का आपराधिक इतिहास लंबा है, जिसमें वर्ष 2017 से लेकर 2023 तक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें फिरौती, धमकी, गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी, और सरकारी कर्मचारी पर हमला जैसी धाराएं शामिल हैं।