सुरीर (मथुरा)। कोतवाली के पास बोलेरो सवार चार युवकों ने सोमवार की शाम को कार और मैक्स सवार महिला-पुरुषों से मारपीट की। इसके बाद बोलेरो सवार ने थाने में लूट की तहरीर दे दी। लूट की सूचना पर पुलिस दौड़ पड़ी। जांच में लूट संदिग्ध निकली।
कोतवाली क्षेत्र के नगला कुल्लू निवासी प्रशांत कुमार ने तहरीर में कहा है कि सोमवार की शाम को वह अपने घर जा रहे थे। तभी रास्ते में सुरीर की ओर से आ रहे कार चालक ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। उन्होंने गाड़ी की पीछा किया तो जंगल में अपनी गाड़ी रोका और मारपीट कर उनसे 1.30 लाख की नकदी लूट ले गए।
सीओ मांट गुंजन सिंह ने बताया कि पीड़ित बार-बार अपने बयान बदल रहा है। जब उससे पूछा कि वह रुपये कहां से लेकर आ रहा था तो इसकी जानकारी नहीं दे पाया। अभी तक की जांच में जानकारी हुई है कि प्रशांत की बोलेरो में चार लोग सवार थे। बोलेरो ने कार में टक्कर मारी। कार और मैक्स में महिलाएं और पुरुष बैठे थे। सभी किसी कार्यक्रम से शामिल होकर लौट रहे थे। बोलेरो चालक ने कार का पीछा किया और रास्ते में रोक लिया। लूट की वारदात संदिग्ध प्रतीत हो रही है, जबकि मारपीट हुई है।