प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते सुनील बंसल
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में आयोजित भाजपा ब्रज क्षेत्र के प्रशिक्षण वर्ग में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने शुक्रवार को कहा कि सभी पदाधिकारी नए भारत निर्माण को लेकर जनता के बीच जाएं। यह वक्त संतुष्ट होकर बैठने का नहीं है। जो मिला है उसे बनाए रखना है।
उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाना होगा। उनकी सुननी होगी। तभी हमसे लोग जुड़ेंगे। प्रशिक्षण वर्ग में कहा गया कि प्रदेश में 31 अगस्त तक 50 लाख नए कार्यकर्ता बनाए जाने हैं, ब्रज क्षेत्र में 15 लाख नए कार्यकर्ताओं का लक्ष्य रखा गया है।
सौंख रोड पर पाली डूंगरा स्थित एक मेडिकल कॉलेज में प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने किया। पहले वर्ग में ब्रज क्षेत्र के सभी 12 जिलों के जिलाध्यक्ष, क्षेत्रीय पदाधिकारी, मोर्चा और प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों के साथ प्रदेश कार्यकारिणी के पदाधिकारी मौजूद रहे।