मथुरा। जिला अस्पताल के त्वचा रोग ओपीडी में बाल मरीज देखतीं डॉ. शिवानी शर्मा।
- फोटो : mathura
मथुरा। गर्मी से त्वचा संबंधी मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं अधिक पसीना निकलने के कारण भी त्वचा को नुकसान पहुंच रहा है। जिला अस्पताल की त्वचा रोग ओपीडी में प्रतिदिन 110 से अधिक रोगी पहुंच रहे हैं। डॉक्टर मरीजों को एहतियात बरतने की सलाह दे रहे हैं।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. शिवानी शर्मा ने बताया कि ओपीडी में आने वाले मरीजों में अधिकांश मरीज सनबर्न की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। मेडिकल भाषा में इसे पोलिमॉर्फिक लाइट इरेक्शन (पीएलई) कहते हैं। गर्मी के कारण शरीर की त्वचा सूख रही है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों और बुजुर्गों के साथ है। मरीजों को उपचार के साथ ही धूप से बचाव की सलाह दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि लोग सनबर्न से बचाव के लिए सनस्क्रीन क्रीम का इस्तेमाल तो करते हैं, लेकिन इसके इस्तेमाल का सही तरीका पता न होने से दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सनस्क्रीन क्रीम को बाहर निकलने से करीब 15 मिनट पहले लगाना चाहिए। इसका असर भी महज 4 से 5 घंटे तक रहता है। इसके बाद क्रीम को पूरी तरह से धुलकर दोबारा से लगाना चाहिए। इसके अलावा घर से निकलते समय छाता का उपयोग करें, महिलाएं दुपट्टा और युवा अंगोछा व कैप का इस्तेमाल करें ताकि धूप की किरणें एक दम त्वचा पर न पड़ें।