पापा के पार्थिव शरीर के साथ बिलखती बेटी काजल।
फरह। सोमवार को ड्यूटी के दौरान शहीद हुए सूबेदार लायकराम (45) का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह 12 बजे फरह थाना क्षेत्र में उनके पैतृक गांव नगला बांस विसू पहुंचा। सुबह 10 बजे उनके पार्थिव शरीर को लेकर सेना का वाहन महुअन टोल पर पहुंचा। यहां से उनके गांव तक भीड़ काफिले में जुड़ती चली गई।
वातावरण में भारत माता की जय, वंदे मातरम, सूबेदार लायकराम अमर रहें के नारे गूंजते रहे। शव के गांव पहुंचने पर परिवारीजन उनके शरीर से लिपटकर रोने लगे। घर से उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
राजकीय सम्मान के साथ लायकराम को 12 राजपूताना राइफल्स की बटालियन ने सलामी दी। उन्होंने 26 साल देश की सेवा की। बड़े बेटे मोहित ने शहीद पिता को मुखाग्नि दी। गौरतलब है सोमवार को ड्यूटी के दौरान उनको पसीना आया और नीचे गिर गए। साथियों द्वारा सीपीआर देने के बाद भी उनकी जान नहीं बच सकी। लायकराम के दो बेटों में बड़ा मोहित जीएलए से एमटेक जबकि छोटा राहुल बीटेक का छात्र है। बेटी काजल इंटर की छात्रा है। इस दौरान एसडीएम सदर अभिनव जे जैन, सीडीओ मनीष मीणा, एसपी सिटी राजीव कुमार, सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा, तहसीलदार जीतेन्द्र कुमार एवं पूर्व विधायक कारिंदा सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अनिल सिंह, पंकज प्रकाश, अनूप चौधरी, विक्रमसिंह, केके शुक्ला आदि मौजूद थे।