चौमुहां (मथुरा)। चारधाम मंदिर छटीकरा क्षेत्र में दुकानदारों और फूल-माला विक्रेताओं से वसूली के मामले में गिरफ्तार छटीकरा चौकी प्रभारी रहे एसआई शशांक कौशिक को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की पुष्टि होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया है। वहीं वांछित दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।
बता दें कि छटीकरा निवासी मनोज गौतम की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि चौकी प्रभारी शशांक कौशिक ने अपने पूर्व तैनाती क्षेत्र अलीगढ़ (इगलास) से हिस्ट्रीशीटर रोहताश उर्फ विशाल और छोटू सोलंकी को बुलाकर चारधाम मंदिर क्षेत्र में दुकानदारों से रंगदारी और अवैध वसूली का नेटवर्क खड़ा कर रखा था। शिकायत की जांच क्षेत्राधिकारी सदर द्वारा कराई गई थी, जिसमें आरोप सही पाए गए थे।
जांच रिपोर्ट के आधार पर थाना जैत में अवैध वसूली और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद पुलिस ने शशांक कौशिक को गिरफ्तार कर लिया था। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार फरार आरोपी छोटू सोलंकी हाल ही में एक हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आया था। वहीं दूसरे आरोपी रोहताश उर्फ विशाल के खिलाफ उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में भी साइबर फ्रॉड समेत कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।