मथुरा। विज्ञान और गणित के क्षेत्र में अपार संभावनाओं को देखते हुए छात्रों में इन विषयों के प्रति रुचि पैदा करने की कवायद की जा रही है। इसके लिए राजकीय स्कूलों में विज्ञान एवं गणित के क्लब गठित किए जाएंगे। संयुक्त शिक्षा निदेशक की ओर से डीआईओएस कार्यालय को पत्र भेजा गया है। जिसके बाद इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शासन ने छात्र-छात्राओं में विज्ञान एवं गणित के प्रति लगाव पैदा करने के लिए क्लब का गठन करने का निर्णय लिया है। इससे जिले के 36 राजकीय स्कूलों में विज्ञान व गणित के पठन-पाठन में एक नया वातावरण विकसित होने के साथ-साथ छात्र संख्या में भी वृद्धि हो सकेगी।
उन्होंने बताया कि गणित क्लब के गठन से छात्रों में तार्किक दृष्टिकोण, समस्या समाधान व गणित के सिद्धांत सीखने का मौका मिलेगा, जबकि विज्ञान क्लब के गठन से वैज्ञानिक दृष्टिकोण, विज्ञान के प्रति अभिरुचि एवं समस्याओं को सुलझाने व खोजी प्रवृत्ति विकसित होगी। इसके अलावा समाज में फैले अंधविश्वासों को भी वैज्ञानिक तर्क से दूर करना, छात्रों में नवीनता व रचनात्मकता का विकास करना, प्राकृतिक संसाधनों का समुचित उपयोग कर उनका संरक्षण हो सकेगा।
इस तरह क्लब करेगा काम
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राजकीय कॉलेजों में क्लब के गठन के बाद शिक्षक अभिरुचि वाले विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे। शिक्षण कार्य के बाद वह उन्हें उनकी रुचि के अनुसार मार्गदर्शन करेंगे। विद्यार्थी जिस क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाना चाहते हैं उनके बारे में जानकारी देते हुए उन्हें प्लेटफार्म मुहैया कराएंगे। अभिभावकों से भी मिलकर विद्यार्थी की जिज्ञासाओं के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए सहयोग मांंगेंगे।
वर्जन
जिले के 36 राजकीय कॉलेजों में गणित व विज्ञान क्लब का गठन किया जाएगा। प्रत्येक कॉलेज को बजट दिया जाएगा। प्रधानाचार्यों को इस क्लब की गतिविधियों को वीडियो के माध्यम से प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं।
- रविंद्र सिंह, डीआईओएस