मथुरा। जैत थाने के पास हाईवे पर बृहस्पतिवार रात मोपेड सवार छात्र की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई। वहीं, उसके साथ सवार चचेरा भाई घायल हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शुक्रवार को शव परिवार वालों को सौंपा। परिवार की ओर से अज्ञात ट्रक चालक पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। हादसे के बाद से वह फरार है।
राहुल (19) पुत्र सुरेश चंद निवासी रेतिया मोहल्ला, महावन बीएससी प्रथम वर्ष का छात्र था। पिता के साथ पोशाक बनाने का काम करता था। बृहस्पतिवार रात को वह चचेरे भाई गौरव संग बरसाना में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन देखने को गया था। देर रात मोपेड से लौट रहे थे। जैत थाने के पास हाईवे पर उनकी मोपेड में ट्रक ने टक्कर मार दी। गौरव उछलकर सड़क किनारे जा गिरा, जबकि राहुल ट्रक के नीचे आ गया।
राहुल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजते हुए परिवार वालों को सूचना दी। परिवार वाले देर रात को ही पोस्टमार्टम हाउस पर पहुंच गए। हालांकि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार को दिन में पोस्टमार्टम हुआ। सीओ सदर प्रवीण मलिक ने बताया कि शव परिवार वालों को सौंप दिया है। अज्ञात ट्रक चालक पर केस दर्ज कर लिया है।