उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हो गई है। इससे यमुना पर बन रहे पुल सहित विभिन्न विभागों के निर्माण प्रोजेक्ट ठप हो गए हैं।
निर्धारित घोषणा के तहत डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने दो मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। अब तक आंदोलन में करीब 24 विभागों के इंजीनियर्स कार्य बहिष्कार कर रहे थे। इस पूरे आंदोलन का असर जिले के विभिन्न प्रोजेक्टों पर साफ नजर आ रहा है। सेतु निगम द्वारा यमुना पर बनाए जा रहे नए पुल का काम रुक गया है। मछली फाटक पर रेलवे फ्लाईओवर का भी काम ठप पड़ा है।
पीडब्ल्यूडी द्वारा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में बनाई जा रही सड़कों पर भी काम रोक दिया गया है। इसके अलावा भी आरईएस, सिंचाई, एमवीडीए सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं में निर्माण कार्य ठप है। इसका असर चालू वित्तीय वर्ष में पूरे होने वाले कार्यों पर पड़ सकता है।
महासंघ के अध्यक्ष बीडी जोशी का कहना है कि नौ मार्च से राज्यकर्मचारी महासंघ भी उनके साथ होगा। इसके दो दिन बाद विद्युत निगम के डिप्लोमा इंजीनियर्स भी हड़ताल का हिस्सा बनेंगे। बुधवार को सभी विभागों के डिप्लोमा इंजीनियर्स ने राजीव भवन पर धरना प्रदर्शन किया।