मथुरा। राया रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा।
- फोटो : MATHURA
मथुरा। कारोना वायरस के बढ़ते असर को थामने के लिए रेलवे ने ट्रेनों के सफर को रोक दिया है। रोजाना मथुरा पहुंचने वाली 264 ट्रेनों में से रविवार को 80 ट्रेनें रद्द रहीं। 184 ट्रेनें मथुरा पहुंचीं हैं। रेलवे स्टेशन को सोमवार से जनता के लिए बंद कर सैनिटाइज किया जाएगा। रविवार को टिकट विंडो और रिजर्वेशन काउंटर बंद रहे।
मथुरा से रोजाना कई पैसेंजर समेत 264 ट्रेनें गुजरती हैं। इनमें अप और डाउन की ट्रेनें शामिल हैं। शनिवार की रात 12 बजे से रद्द की गई ट्रेनें मथुरा से होकर नहीं गुजरीं। इनमें मथुरा-कासगंज, कासगंज-मथुरा, दिल्ली, गाजियाबाद, आगरा, जयपुर पैसेंजर ट्रेन, मेरठ सिटी एक्सप्रेस, निजामुद्दीन सुपरफास्ट एक्सप्रेस, यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, नई दिल्ली आगरा इंटरसिटी एक्सप्रेस, मेवाड़ एक्सप्रेस, नई दिल्ली शकुर बस्ती, गाजियाबाद-मथुरा ईएमयू, श्रीधाम एक्सप्रेस, पुरानी दिल्ली पैसेंजर ट्रेन, समता एक्सप्रेस, निजामुद्दीन स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस, ताज एक्सप्रेस, नंदा देवी एक्सप्रेस, पातालकोट एक्सप्रेस, नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस शामिल हैं।
रेलवे के पीआरओ एसके श्रीवास्तव ने बताया कि कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि रविवार को टिकट विंडो और रिजर्वेशन काउंटर बंद रहे। सोमवार से रेलवे स्टेशन पर जनता का प्रवेश बंद कर सैनिटाइज किया जाएगा।