सगाई की रस्मों के बीच जो खुशी के माहौल में जब एक युवती ने आकर कहा कि सगाई रोको, यह युवक मुझसे शादी कर चुका है, तो लोगों के होश उड़ गए। काफी देर तक चले हंगामे के बीच आखिरकार सगाई टूट ही गई।
मामला थाना हाईवे क्षेत्र का है। यहां एक युवक का शुक्रवार को सगाई समारोह था। इसी बीच अचानक पहुंची एक युवती ने हंगामा कर दिया। युवती ने युवक पर शादी कर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया। मौके पर पुलिस भी पहुंच गई। हाईवे क्षेत्र की कालोनी में पहुंची युवती ने चीखते हुए कहा कि सगाई कर रहा युवक शादी का झांसा देकर तीन वर्ष तक मेरा शारीरिक शोषण करता रहा।
युवती ने बताया कि वह भरतपुर की रहने वाली है। रिश्तेदारी में आने-जाने के दौरान दोनों के संबंध बन गए। बाद में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया और करीब तीन वर्ष तक साथ रहे। इसके बाद युवक ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसने भरतपुर में युवक के विरुद्ध केस भी किया है।
युवती ने कहा सगाई की सूचना मिलते ही वह यहां आई है। शुक्रवार को युवती ने वधू पक्ष के लोगों से भी सगाई और शादी न करने का अनुरोध कर पूरी स्थिति से अवगत कराया। इसके बाद वधू पक्ष भी युवती की बात से सहमत होेते हुए बिना सगाई के ही चला गया।
युवती ने कोई लिखित तहरीर नहीं दी है। हालांकि उसने सगाई में पहुंचकर लड़की पक्ष के लोगों को सारी बात से अवगत कराया तो वह स्वयं ही सगाई किए बिना चले गए। हंगामे की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची थी।
प्रीति प्रियदर्शिनी, सीओ रिफाइनरी