मथुरा में मंगलवार रात ढाई घंटे के अंदर तीन ट्रेनों पर पत्थर फेंकने की घटनाएं हुईं। इसमें दो यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। पथराव की घटना के बाद आरपीएफ टीम ने रातभर रेलवे ट्रैक के किनारे चेकिंग अभियान चलाया। इसमें दो लोगों को पकड़ा है।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि दुरंतो एक्सप्रेस (22210) पर रात लगभग 12 बजे पत्थर फेंका गया। ड्यूटी ट्रेन मैनेजर राजेंद्र शर्मा ने बताया कि ट्रेन के मथुरा जंक्शन से निकलते ही पत्थर फेंका गया। यह ट्रेन आगरा की ओर जा रही थी। उन्होंने बताया कि ट्रेन के ब्रेक वेन के दाहिने तरफ के शीशे पर पत्थर आकर टकराया, जिससे खिड़की का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। किसी यात्री के चोट नहीं आई।
इसके बाद रात ढाई बजे कोटा-पटना एक्सप्रेस (13240) के जनरल कोच पर किसी व्यक्ति ने पत्थर फेंका। जो गेट पर खड़े यात्री दिनेश के सिर पर लगा, जिससे वह घायल हो गए। इसी दौरान श्री गंगानगर-हजूर साहिब नांदेड़ सुपरफास्ट (12486) के जनरल कोच पर भी पत्थर फेंका गया। गेट पर खड़े यात्री रवि अहिरवार की आंख के ऊपर जा लगा। इससे वह घायल हो गए।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। रात में पत्थर फेंकने की घटनाएं होने के बाद आरपीएफ टीम अलर्ट हो गई और सुबह तक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ट्रैक किनारे दो लोग घूमते दिखाई दिए, जिन्हें रोककर पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह ट्रेनों से मोबाइल फोन चोरी करने लिए बैठे हैं। टीम ने सख्ती से पूछताछ की तो बताया कि वह गेट पर बैठे यात्रियों को पत्थर मारकर उक्त घटनाओं को अंजाम देते हैं। आरोपियों के पास से एक चोरी का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अवधेश गोस्वामी ने बताया कि ट्रेन पर पथराव करने में आरोप में जिला अलीगढ़ के थाना बन्ना देवी क्षेत्र निवासी जय पुत्र मुन्ना व एक किशोर को पकड़ा है।