मथुरा। महंत की हत्या में एसटीएफ द्वारा पकड़ा गया इनामी बदमाश।
- फोटो : MATHURA
मांट (मथुरा)। वृंदावन के महंत बालमुकुंद शरण की हत्या में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी ललित को एसटीएफ और मांट पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सवा तीन महीने पहले वृंदावन के महंत की हत्या की थी। हत्यारोपी को पकड़ने के लिए आगरा एसटीएफ और मांट पुलिस संयुक्त रूप से जुटी थीं।
सवा तीन महीने पहले थाना मांट के राधारानी मंदिर मार्ग पर झाड़ियों में एक साधु का शव मिला था। पहचान न हो इसलिए गला घोंट कर साधु का चेहरा जला दिया गया था। हालांकि बाद में पोस्टर के जरिए उनके भाई ने उनकी पहचान वृंदावन के महंत बालमुकुंद शरण के रुप में की थी। यह हत्या आश्रम हड़पने के लिए की गई थी। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया था। एक हत्यारोपी फरार चल रहा था।
एसएसपी शलभ माथुर ने महंत की हत्या में शामिल ललित शर्मा निवासी अकबरपुर सेवाल थाना बरसाना पर 50 हजार रुपये का इनाम किया था। हत्यारोपी को पकड़ने के लिए आगरा एसटीएफ और मांट पुलिस संयुक्त रूप से जुटी थीं। सोमवार को एक्सप्रेसवे से ललित शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया। प्रभारी निरीक्षक रामपाल सिंह भाटी ने बताया कि 50 हजार रुपये का इनामी फरार हत्यारोपी को एक्सप्रेसवे से पकड़ा है।