मथुरा। महर्षि दयानंद सरस्वती जिला अस्पताल में फिजियोथेरेपिस्ट की तैनाती होने के बावजूद मरीजों को राहत नहीं मिल पा रही है। मांसपेशियों में खिंचाव के कारण दर्द से परेशान 50 से ज्यादा मरीजों को रोजाना लौटाया जा रहा है। यहां केवल हड्डी दर्द से परेशान मरीज को व्यायाम और उसकी सिकाई कर वापस कर दिया जाता है।
जिला अस्पताल में रोजाना करीब 1200 मरीजों की ओपीडी होती है। इसमें से हड्डी और मांसपेशियों में खिंचाव के करीब 150 मरीज होते हैं। हड्डी रोग विशेषज्ञ उन्हें दवा देने के साथ फिजियोथेरेपी की सलाह देते हैं, लेकिन जिला अस्पताल में मांसपेशियों में खिंचाव वाले मरीजों को फिजियोथेरेपी देने की कोई व्यवस्था नहीं है। यहां केवल हड्डी एवं जोड़ों के दर्द से परेशान लोगों की फिजियोथेरेपी की जाती है। वह भी जब चिकित्सक स्वयं फोन कर फिजियोथेरेपिस्ट को कहते हैं। वरना फिजियोथेरेपिस्ट उन्हें व्यायाम करने की सलाह देकर रवाना कर देते हैं। इस कारण मरीजों को निजी चिकित्सकों का सहारा लेना पड़ता है।
सदर निवासी राकेश अग्रवाल ने बताया कि पिछले 15 दिन से उनकी कमर में दर्द है। कई बार जिला अस्पताल से दवा ले चुके हैं, लेकिन आराम नहीं मिला है। इसी तरह कृष्णानगर निवासी रमा देवी ने बताया कि उनके पैर की कोई नस खिंचने के कारण दर्द रहता है। कई बार दवा लेने के बाद भी आराम नहीं मिला है। जब उन्होंने चिकित्सक से फिजियोथेरेपी कराने को कहा तो उन्होंने मना कर दिया और दवा से ही ठीक होने का आश्वासन देकर वापस कर दिया।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि फिजियोथेरेपी यूनिट में मशीन लगी हुई हैं। यहां मरीजों की फिजियोथेरेपी की जाती है। जिन मरीजों को फिजियोथेरेपी की आवश्यकता नहीं होती है, उन्हें व्यायाम करने की सलाह दी जाती है।