मथुरा। सीएसआर फंड और अवस्थापना निधि से एमवीडीए गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर करीब 500 सोलर लाइटें लगवाएगा। साथ ही परिक्रमा मार्ग से कूड़ा उठाने के लिए लोडर वाहन और ट्रैक्टर भी खरीदे जाएंगे। इसके अलावा वृंदावन स्थित रुक्मिणी विहार में 151 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज को भी लगाने की योजना है।
एमवीडीए उपाध्यक्ष एसबी सिंह ने बताया कि धर्म और आस्था की भूमि में राष्ट्रीय और सांस्कृतिक गरिमा को ध्यान में रखते हुए रुक्मिणी विहार में 151 फीट ऊंचा तिरंगा लगाने की तैयारी की जा रही है। इसकी डिजायन तैयार कर ली गई है। इस पर 30 लाख रुपये की लागत आएगी। इसके अलावा सौभरि वन में सेमी हाईमास्ट लाइटें और अन्य स्थानों पर 10 हाईमास्ट लाइटें भी लगाई जाएंगी।
उन्होंने बताया है कि इस कार्य के लिए सीएसआर फंड और अवस्थापना निधि का प्रयोग किया जाएगा। ये कार्य कराने के लिए करीब छह करोड़ रुपये लागत आएगी। उन्होंने बताया है कि फिलहाल इन योजनाओं की रूपरेखा तैयार की गई है। जल्दी ही कार्यों का शुभारंभ किया जाएगा।