मथुरा। डीएलएड की परीक्षाओं के अंतर्गत बृहस्पतिवार को विज्ञान, गणित और सामाजिक विज्ञान के प्रश्नपत्र की परीक्षा संपन्न हुई। प्रथम पाली में विज्ञान की परीक्षा सुबह 10:00 से 11:00 बजे तक आयोजित की गई। इसमें कुल 3303 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से 3109 उपस्थित रहे, जबकि 194 प्रशिक्षु ने किनारा कर लिया। वहीं द्वितीय पाली में गणित की परीक्षा 11:30 से 12:30 बजे के दौरान भी 3177 पंजीकृत छात्रों में से 2987 उपस्थित हुए और 190 प्रशिक्षु अनुपस्थित पाए गए। तृतीय पाली में दोपहर 02:00 से 04:00 बजे तक सामाजिक विज्ञान की परीक्षा का आयोजन किया गया। जिसमें विज्ञान विषय में 2966 में से 2835 छात्र शामिल हुए।
सचल दल प्रभारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) सत्यदेव ने अपनी टीम के साथ विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सुभाष इंटर कॉलेज में सघन जांच की, हालांकि वहां निरीक्षण के दौरान कोई भी अनियमितता या नकल का मामला प्रकाश में नहीं आया। डायट प्राचार्य डॉ. मुकेश चन्द्र ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है और सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।