फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mathura News: यमुना एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई स्लीपर बस, चार यात्री घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
नौहझील। थाना क्षेत्रा स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई। लोग इमरजेंसी विंडो और खिड़कियों से कूद कर भागने लगे। हादसे में कुल चार लोग घायल हुए हैं। हादसे का कारण ट्रक चालक को झपकी आना बताया गया है, जिसके कारण वह ट्रक से अपना नियंत्रण खो बैठा।
विज्ञापन

पुलिस के अनुसार, जालौन के उरई से श्री श्याम ट्रेवल्स की डबलडेकर स्लीपर बस करीब 45 से 50 यात्रियों को लेकर यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते दिल्ली जा रही थी। सुबह होने के कारण बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। माइल स्टोन 73 पर गांव सुहागपुर के पास आगे चल रहे एक ट्रक के चालक को अचानक झपकी आ गई। झपकी आने पर चालक ने बीच लेन में ट्रक को रोक दिया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही स्लीपर बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद तेज धमाके की आवाज से यात्रियों में हड़कंप मच गया। चीख-पुकार के साथ भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। टक्कर से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण बस का गेट नहीं खुल पाया। इससे घबराए यात्री अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदने लगे।
घटना की सूचना मांट कंट्रोल रूम द्वारा नौहझील पुलिस को दी गई। यात्रियों का आरोप है कि हादसे के कई घंटों बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही डरे-सहमे यात्री अपने बच्चों और सामान के साथ बस से बाहर निकल चुके थे। पुलिस ने घायल हुए चार यात्रियों को सीएचसी नौहझील भिजवाया।
विज्ञापन

घायलों की पहचान अर्चना निवासी डाकोर, उरई, जालौन, आशीष राज निवासी जेजे कालोनी, इंद्रपुरी, दिल्ली, सुमित निवासी जालौन और हर्ष गुप्ता निवासी मालवीय नगर, कोच्चि के रूप में हुई है। सीएचसी के डॉक्टरों ने अर्चना, सुमित और हर्ष गुप्ता की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मथुरा रेफर किया। पुलिस ने क्रेन की मदद से दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाया और बाजना कट चौकी पर खड़ा करवाया। इसके बाद सभी यात्रियों को दूसरी बस से दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें