चौमुहां (मथुरा)। थाना जैंत पुलिस और सर्विलांस टीम ने एक अंतरराज्यीय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में तीन के पैर में गोली लगी है जबकि छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के सदस्यों से रुपये और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। घायलों को इलाज के लिए संयुक्त जिला अस्पताल भिजवाया है।
सीओ सदर पीतमपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिली कि पशु चोरों का एक गिरोह हाईवे स्थित देवी आटस रोड के पास किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सोमवार सुबह जैंत थाना प्रभारी सोनू कुमार ने टीम के साथ घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपी घायल हो गए। पकड़े गए आरोपियों में दिल्ली के सुल्तानपुरी निवासी दीपक, बरसाना निवासी जस्सी, छाता निवासी रितिक गोली लगने से घायल हो गए। इनके साथ ही पुलिस ने राजस्थान के डीग निवासी सागर, कोसी निवासी अनिल व मांट निवासी सुमित को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे और पांच कारतूस, एक मोटरसाइकिल, एक स्कार्पियो कार, 1.04 लाख रुपये बरामद किए है। पुलिस ने पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। सभी आरोपियों पर कई थानों में पहले से मामले दर्ज हैं।
ईद पर थी पशुओं की डिमांड
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे चोरी के पशुओं (सूअर, बकरी, भेड़) को पिकअप और अन्य गाड़ियों में नंबर बदलकर दिल्ली ले जाकर बेचते थे। ईद के त्योहार पर पशुओं की मांग थी, जिसके चलते वे लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने मथुरा के आसपास के इलाकों कोटा गांव, चौमुहां, शेरगढ़, मगोर्रा और राधाकुंड से कई बार पशु चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।