यमुना एक्सप्रेसवे पर हादसों का ग्राफ बढ़ रहा है। बीते 24 घंटे में हुए छह हादसों में 10 लोग घायल हो गए। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीन हादसे बुधवार सुबह और तीन मंगलवार रात में हुए।
एक्सप्रेसवे पर ह्युंडई वैरना कार बुुधवार तड़के नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी। नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन 63 के समीप चालक को झपकी आने से कार आगे चल रहे आयशर कैंटर में जा घुसी। कार सवार मनीष पटेल, अभिषेक मिश्रा, अक्षय कुमार और राज केसवानी निवासी कौशांबी घायल हो गए।
बलदेव क्षेत्र में माइल स्टोन 136 पर बुधवार सुबह नोएडा से आगरा की ओर जा रहा आयशर कैंटर चालक को झपकी आने से आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गया। कैंटर में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यमुना पार क्षेत्र में माइल स्टोन 107 पर बुुधवार सुबह नोएडा से आगरा की ओर जा रही स्कॉर्पियो कार के चालक को झपकी आने से बेकाबू होकर रेलिंग में घुस गई। उसमें सवार दो लोग घायल हो गए।
सुरीर क्षेत्र में माइल स्टोन 81 के समीप मंगलवार रात आगरा से नोएडा की ओर जा रही महेंद्रा कार अचानक अनियंत्रित होकर रेलिंग में घुस गई। उसमें सवार तीन लोग घायल हो गए। सुरीर क्षेत्र में माइलस्टोन 82 के समीप मंगलवार रात नोएडा से आगरा की ओर जा रही आल्टो कार से पीछे से आ रही कार की टक्कर हो गई।
हादसे में ऑल्टो पलट गई । उसमें सवार एक व्यक्ति घायल हो गया। महावन क्षेत्र में माइल स्टोन 121 पर मंगलवार रात आगरा से नोएडा की ओर जा रही कार ओवरस्पीड के कारण अनियंत्रित होने से रेलिंग में घुस गई। उसमें सवार एक व्यक्ति मामूली रूप से चोटिल हो गया।