झमाझम बरसात से फिर बिगड़े शहर के हालात
- फोटो : अमर उजाला
सोमवार सुबह झमाझम बरसात से फिर से शहर से हालात बिगड़ गए। शहर के मुख्य रास्ते तालाब जैसे नजर आ रहे थे। कालोनियों और बाजारों में भी जलभराव के कारण हर कोई परेशान दिखा। बीते दिनों हुई बारिश से दुकानों और घरों में हुए जलभराव से नगरवासियों को करोड़ों का चूना लग चुका है।
शहर के हृदय स्थल होलीगेट पर चारों ओर जलभराव था। जनरलगंज के रास्ते पर दो फीट, छत्ता बाजार में करीब तीन फीट और आगरा रोड पर एक से डेढ़ फीट पानी भरा हुआ था। नया बसस्टैंड, पुराना बसस्टैंड, भूतेश्वर रोड, कृष्णा नगर, महोली रोड, छत्ता बाजार, स्वामी घाट, चौक बाजार, गुड़हाई बाजार, लाल दरवाजे पर लोग नाले के गंदे पानी से होकर गुजरने के लिए मजबूर थे। सड़कों पर उफन रहे नालों के पानी ने दुकानों में दस्तक दे दी।
सबसे बुरा हाल क्वालिटी तिराहे से डैंपियर नगर को जाने वाले मार्ग का था। बरसात का पानी दर्जनों दुकानदारों के लिए मुसीबत बन गया है। इसके अलावा मसानी चौराहा, डीगगेट, भूतेश्वर मार्ग, भूतेश्वर चौराहा, बीएसए कालेज के निकट, महोली रोड की सौ से अधिक कालोनियों में घरों में बरसात का पानी घुस गया।