मथुरा। श्रीजी बाबा सरस्वती विद्या मंदिर के खिलाड़ियों ने अखिल भारतीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। हैंडबॉल में रजत पदक हासिल करने के साथ कुश्ती में पांच पदक जीते। कई खिलाड़ियों का चयन एसजीएफआई के लिए भी हुआ है।
इंदौर में 1 से 5 अक्तूबर तक आयोजित विद्याभारती की अखिल भारतीय 37वीं हैंडबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 और अंडर-17 टीमों ने प्रतिभाग किया। अंडर-14 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में मेजबान मध्य प्रदेश की टीम को कड़ी टक्कर दी और उपविजेता रहते हुए रजत पदक हासिल किया। अंडर-17 टीम ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया और चेन्नई की टीम के खिलाफ शानदार खेल दिखाया। वहीं सैनिक स्कूल, वनखेड़ी, मध्य प्रदेश में 30 सितंबर से 5 अक्तूबर तक हुई अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता में विद्यालय के पहलवानों ने पांच पदक अपने नाम किए। तरुण वर्ग के 72 किलोग्राम भार वर्ग में दीपेश ने स्वर्ण पदक जीता। गौरव कसाना और जय ने रजत पदक हासिल किए। किशोर वर्ग में कृष तथा बाल वर्ग में अर्पित ने कांस्य पदक जीते।
बाल वर्ग में कांस्य पदक विजेता अर्पित का चयन एसजीएफआई के लिए हुआ है। वहीं 72 किलोग्राम भार वर्ग के स्वर्ण पदक विजेता दीपेश भी एसजीएफआई प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। विद्यालय के कुश्ती कोच गोकुलेश शर्मा और हैंडबॉल कोच गिरीश तोमर ने प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय निर्णायक की भूमिका निभाई।