मथुरा। पुलिस गिरफ्त में आरोपी अखिल पटना।
- फोटो : mathura
मथुरा। राहुल हत्याकांड में शामिल चांदी कारोबारी अखिल पटना को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। हत्याकांड के दो आरोपियों को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। मुख्य आरोपी संजय शर्मा अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। उसकी तलाश जारी है।
गोविंद नगर थाना क्षेत्र के मसानी स्थित लोटस गार्डन की पार्किंग में 17 नवंबर की रात आरोपियों ने शराब न लाने पर हाईवे के विकास नगर निवासी राहुल की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मृतक युवक के पिता सत्यानंद गिरी ने संजय शर्मा सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वारदात के दो दिन बाद पुलिस ने गोविंद नगर के राधा आर्चिड निवासी शुभम अग्रवाल और जयसिंहपुरा गणेश टीला निवासी आकाश गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि गोविंद नगर के महाविद्या काॅलोनी निवासी अखिल पटना और संजय शर्मा निवासी कुशक गली दोनों फरार थे।
थाना प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर ने बताया कि शनिवार सुबह अखिल पटना न्यायालय में आत्मसमर्पण करने की फिराक में था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर अखिल को डीएवी इंटर काॅलेज के गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे जेल भेजा दिया गया है। मुख्य आरोपी संजय शर्मा को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश जारी हैं। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।