नए रथ में विराजेंगे श्री राधावल्लभ लाल
वृंदावन (मथुरा)। श्रीराधावल्लभ लाल मंदिर से निकलने वाली ऐतिहासिक चाव शोभायात्रा इस वर्ष एक विशेष अध्याय के साथ आयोजित की जा रही है। 81 वर्ष बाद प्रिया-प्रियतम श्रीराधावल्लभ लाल नवीन रथ में नगर भ्रमण के लिए विराजमान होंगे। यह रथ वृंदावन के मूल निवासी श्याम सुंदर अग्रवाल द्वारा श्रद्धाभाव से मंदिर को समर्पित किया गया है।
ठा. श्रीराधावल्लभ लाल के रासबिहारी स्वरूप प्रिया-प्रियतम वर्ष में दो बार राधाष्टमी और हितोत्सव पर नगर भ्रमण कर भक्तों पर कृपा की वर्षा करते हैं। इस बार 5 से 8 मई तक चलने वाली चार दिवसीय चाव शोभायात्रा का विशेष आकर्षण यह नया रथ रहेगा, जिसे जयपुर के दक्ष शिल्पियों द्वारा 20 लाख रुपये की लागत से राजस्थानी शैली में निर्मित किया गया है।
5 मई की शाम 7 बजे, जब रथ में विराजकर प्रिया-प्रियतम नगर भ्रमण को निकलेंगे, तब यह रथ श्री राधावल्लभ मंदिर वैष्णव कमेटी रास वंश को विधिपूर्वक समर्पित किया जाएगा। श्याम सुंदर अग्रवाल ने बताया कि यह सेवा उनके परदादा स्व. पन्नालाल अग्रवाल द्वारा शुरू की गई परंपरा का पुनर्जागरण है।
उनके परदादा ने 81 वर्ष पूर्व यह सेवा सेवाधिकारी स्व. ललिताचरण गोस्वामी की प्रेरणा से की थी। आज चौथी पीढ़ी द्वारा इस सेवा को आगे बढ़ाना आध्यात्मिक गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने यह भी बताया कि रथ की भव्यता, वास्तुशिल्प और अलंकरण न केवल आराध्य प्रभु को समर्पण है, बल्कि भक्तों के हृदयों में भी दिव्य भाव भर देगा।