श्रीबांकेबिहारी मंदिर जगमोहन में हाईपावर कमेटी के आदेश के बाद की गई बेरीकेडिंग।
वृंदावन। श्री बांकेबिहारी मंदिर में हाई पावर्ड प्रबंध कमेटी के आदेश पर शनिवार को व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया। वर्षों से समीप से दर्शन करने के लिए खुले जगमोहन को बंद कर दिया दिया गया।मंदिर प्रबंधन ने जगमोहन में पहुंचने के लिए दोनों ओर लगी सीढि़यां हटाकर बेरीकेडिंग लगा दी और वीआईपी कटघरे को बड़ा कर दिया। सेवायत गोस्वामियों ने इसका विरोध किया।
हाई पावर्ड कमेटी के अध्यक्ष एवं सदस्यों ने मंदिर की व्यवस्था का जायजा लिया। शुक्रवार को कमेटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने मंदिर की व्यवस्था में सुधार लाने के लिए जगमोहन को श्रद्धालुओं और सेवायत गोस्वामियों के लिए पूरी तरह से बंद करने के आदेश जारी किए थे। इस संबंध में मंदिर प्रबंधन को कड़ाई से पालन कराने को कहा। कमेटी के आदेश पर मंदिर प्रबंधन ने शनिवार सुबह चौक से जगमोहन में जाने के लिए लगे वर्षों पुरानी लकड़ी की सीढ़ियों को हटा दिया और जगमोहन में प्रवेश से रोकने के लिए बेरीकेडिंग लगा दी। इससे पहले मंदिर के गर्भगृह के बाहर जगमोहन में दायीं तरफ से चढ़कर पुरुष एवं बाईं तरफ से महिलाएं समीप से ठाकुरजी के दर्शन करती थीं। इसके अलावा माला और प्रसाद गर्भगृह तक पहुंचाया जाता था, लेकिन जगमोहन में प्रवेश बंद हो जाने से श्रद्धालु अब सामने से चौक में से ही ठाकुरजी के दर्शन कर सकेंगे।
मंदिर प्रबंधन ने जगमोहन को बंद करने के साथ ही वीआईपी कटघरे को बड़ा कर दिया है। इसे लेकर मंदिर के सेवायत गोस्वामियों में रोष व्याप्त है। उन्होंने मंदिर में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन कर रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह अनुचित है और ठाकुरजी के समीप से दर्शन की व्यवस्था से वंचित किया जा रहा है। हाई पावर्ड कमेटी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अशोक कुमार, सदस्य मुकेश मिश्रा ने सीओ सदर के साथ मंदिर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कमेटी ने सप्ताहांत होने वाली भीड़ पर नियंत्रण को लेकर चर्चा की।