मथुरा। श्रीराम जन्मभूमि के बाद श्री कृष्ण जन्मस्थान और फिल्म सिटी के मुद्दे भाजपा द्वारा प्रदेश की जनता की भावनाओं को बरगलाने के मुद्दे हैं। वह चाहती है कि जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं पर नहीं जाए। हालांकि पूरा प्रदेश इस समय बेरोजगारी की बड़ी मार झेल रहा है। इससे निपटने के लिए योगी सरकार के पास कोई रणनीति नहीं है। यह बात आप पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने कहीं। वह मंगलवार को सदर बाजार क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पत्रकारों से मुखातिब थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि आप पार्टी इस बार पूरे प्रदेश में पंचायत चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव तक लड़ेगी। आप ने प्रदेश के 75 जिलों में करीब 350 विधानसभा कमेटी गठित की हैं। 65 जिलों के प्रभारी घोषित किए हैं। दस प्रकोष्ठों का गठन किया गया है और विगत दिनों 5000 ग्राम पंचायत स्तर के प्रतिनिधि पार्टी में शामिल हुए हैं। हमने पार्टी संगठन से जुड़ने के लिए मिस्डकॉल सिस्टम शुरू किया है। इच्छुक लोग मिस्ड कॉल कर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं।