मथुरा। मथुरा-वृंदावन रोड अफसरों की लापरवाही से इन दिनों बदहाल है। इस रोड पर जल निगम सीवर लाइन डाल रहा है। डीग गेट पुलिस चौकी से अग्रसेन चौक तक तीन किलोमीटर और आकाशवाणी से पीएमवी पॉलिटेक्निक तक तीन किलोमीटर का मार्ग खुदा पड़ा है। इस मार्ग पर वाहन तो दूर पैदल चलना भी दूभर है। आधा घंटे का सफर तय करने में तीन घंटे लग जाते हैं। मुख्य मार्ग को खोदने से पहले वाहनों को गुजारने की योजना नहीं बनाई गई। मार्ग को प्रभावित रखने की समय सीमा निर्धारित नहीं की गई। इसका नतीजा जनता भुगत रही है।
हालात सुधरने में लगेगा दो महीने का समय
मथुरा-वृंदावन रोड पर जल निगम द्वारा डलवाई जा रही सीवर लाइन डालने का काम अभी और चलेगा। फिलहाल बारिश के चलते काम रुक गया है। जब तक सीवर लाइन डालने काम पूरा नहीं होता जाता सड़क पर खोदाई काम चलता रहेगा। अभी दो माह का समय और लगेगा। मथुरा-वृंदावन रोड की हालत फिलहाल इस कदर खराब है कि इस रोड के वाशिंदे भी अपने घरों तक जाने के लिए परेशान हैं। किसी प्रकार से अपने घरों से आ-जा पा रहे हैं। कुछ दिन पहले त्रिवेणी कंपनी द्वारा इस रोड पर सीवर लाइन डालने का काम पूरा कर दिया गया है। अब जल निगम द्वारा पाइप लाइन डालने का काम जारी है।
185 किलोमील्टर डाली जानी है सीवर लाइन
जल निगम द्वारा 160 करोड़ की लागत से 185 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन डाली जानी है। यह पाइप लाइन पूरी मसानी जोन में डाली जाएगी। इसमें 15042 घरों की सीवर लाइन जोड़ी जाएगी। यह सीवर लाइन आठ इंच से लेकर 32 इंच के साइज तक की है। इससे पूर्व त्रिवेणी द्वारा सीवर लाइन डाली जा रही थी। उसने इस रोड पर पाइप लाइन डालने का काम पूरा कर लिया है। अब जल निगम की ओर से वीवीआईपी (विभोर वैभव इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड) कंपनी काम कर रही है।
बारिश और यातायात बना रोड़ा
कंपनी की और से करीब छह टीम काम कर रही हैं। काम इतना मुश्किल भरा है कि एक टीम एक दिन में सिर्फ दस मीटर ही पाइप लाइन डाल पाती है। जब यातायात हो तो काम की गति और धीमी हो जाती है। अब जब कि बारिश हो गई है तो जल निगम ने काम बंद कर दिया है।
डीएम ने यातायात रोकने का आदेश दिया था
काम की गति में तेजी लाने के लिए जल निगम ने डीएम सर्वज्ञराम मिश्र को मौके पर बुलाकर निरीक्षण कराया था। इसके बाद डीएम ने इस रोड पर यातायात एकदम बंद करने के निर्देश भी दिए थे, परंतु यातायात नहीं रुक सका। इसके चलते सड़क पर बारिश के कारण हुई कीचड़ में वाहन भी फंसने लगे हैं।
बारिश के कारण बंद है काम
फिलहाल बारिश के कारण काम बंद है। बारिश बंद होते ही काम चालू कर देंगे। यदि इस रोड पर यातायात कुछ दिन के लिए बंद हो जाए तो काम की गति और बढ़ जाएगी।
- आरपी यादव, परियोजना अभियंता जल निगम।