मथुरा। आगरा मंडल की तैराकी टीम के चयन ट्रायल में मथुरा के सात खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंडलीय टीम में जगह बनाई है। चयनित तैराक अब प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में आगरा मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला तैराकी संघ के अध्यक्ष गिर्राज सिंह ने बताया कि शौर्य राघव ने 200 मीटर फ्रीस्टाइल और 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक, ललित अग्रवाल 50 मीटर फ्रीस्टाइल, कृष्ण भारद्वाज 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक एवं 200 मीटर बैकस्ट्रोक, तनवीर 100 मीटर बैकस्ट्रोक, खुशी राघव 50 व 100 मीटर फ्रीस्टाइल तथा 50, 100 और 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक ने जगह बनाई है। शिवाली गौतम 100 व 200 मीटर फ्रीस्टाइल, 50 व 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक तथा 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में अपनी चुनौती पेश करेंगी। सीनियर वर्ग में शौर्य राघव का 200 मीटर स्पर्धा, विपिन सिंह का 50 और 100 मीटर फ्रीस्टाइल तथा खुशी राघव का 50 और 100 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा के लिए चयन हुआ है। जूनियर वर्ग की प्रदेश स्तरीय तैराकी प्रतियोगिता तीन से पांच जुलाई तक लखनऊ में तथा सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता 10 से 12 जुलाई तक वाराणसी में आयोजित होगी।