छाता। कोतवाली क्षेत्र के गांव उमराया में बुधवार रात दो सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि बड़ी बहन अरवाना (19) ने पहले अपने एक परिचित को व्हाट्सएप पर हेलो, बाय-बाय और अलविदा... लिखकर छोटी मुस्कान (17) के संग चावल और कोल्ड ड्रिंक में विषाक्त पदार्थ (सल्फास) मिलाकर सेवन किया था। उन्होंने अपनी चचेरी बहन नगमा को भी पास बैठाकर वही जहरीले चावल खिला दिए थे। हालांकि उसकी हालत में सुधार है।
पुलिस की शुरुआती जांच और तकनीकी साक्ष्यों से साफ हुआ है कि दोनों लड़कियों ने यह आत्मघाती कदम स्वयं उठाया है। घटना को अंजाम देने से ठीक पहले बड़ी बहन अरवाना ने अपने एक परिचित को व्हाट्सएप मैसेज भेजा था, जिसमें हेलो, बाय-बाय और अलविदा लिखा हुआ था। जांच में सामने आया है कि अरवाना पिछले कई दिनों से परेशान थी और अक्सर घर पर कहती थी कि हमें तो मरना है, अब नहीं जीना। घटना वाले दिन उन्होंने घर में रखे सल्फास पाउडर को पकाए गए चावलों में मिलाया।
इसके बाद दोनों अपनी चचेरी बहन के साथ चावल और कोल्ड ड्रिंक लेकर छत पर चली गईं। यहां पर दोनों ने कोल्ड ड्रिंक के साथ चावल खाए और चचेरी बहन को खिला दिए। इससे तीनों की हालत बिगड़ गई। दोनों सगी बहनों की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि नगमा की हालत में सुधार है। पुलिस ने मौके से सल्फास के पैकेट बरामद किए हैं। मोबाइल को कब्जे में ले लिया है।
परिचित ने व्हाट्सएप पर पूछा भी है कि इस तरह का संदेश क्यों भेजा है। इसके आगे पुलिस जांच में जुटी है। इस संबंध में एसपी देहात सुरेश चंद रावत ने बताया कि संदेश भेजने वाले के संबंध में जानकारी की जा रही है। वहीं, छत पर लगा सीसीटीवी कैमरा बंद होने के बाद कोई फुटेज नहीं मिल सकी है। परिजन को भी इसकी जानकारी दी गई है। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी बारीकी से जांच कर रही है।