मथुरा। अब सरकार द्वारा किसानों को ऑनलाइन फसल बीज विक्रय किए जाएंगे। कृषि विभाग द्वारा क्षेत्र के बीज विक्रेताओं को साथी पोर्टल एप के बारे में शुक्रवार से तीन दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण में 10 ब्लॉकों के 1420 बीज विक्रेता शामिल होंगे।
जिला कृषि अधिकारी आवेश कुमार सिंह ने बताया कि भारत सरकार द्वारा बीज की निगरानी एवं उचित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए साथी पोर्टल एप तैयार किया गया है। इस एप के माध्यम से सरकार द्वारा सरकारी बीज उत्पादक एजेंसी एवं निजी कंपनियों द्वारा तैयार किए गए प्रमाणित बीज के वितरण की मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। बीज उत्पादन एजेंसी द्वारा विक्रेताओं को एप के माध्यम से ही बीज उपलब्ध करवाया जाएगा।
इसी प्रकार स्थानीय विक्रेताओं द्वारा किसानों को बीज की बिक्री साथी पोर्टल एप के माध्यम से की जाएगी। किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उचित मूल्य तथा उचित समय पर उपलब्ध करवाने में यह पोर्टल मददगार साबित होगा। अपर जिला कृषि अधिकारी स्मृति सिंह ने कहा कि शुक्रवार को उप कृषि निदेशक कार्यालय के सभागार में सुबह 10 बजे से प्रशिक्षण सत्र शुरू होगा। 30 अगस्त को राया के राजकीय कृषि बीज भंडार के सभागार में सुबह 10 बजे से और 31 अगस्त को राजकीय कृषि बीज भंडार छाता के सभागार में प्रशिक्षण दिया जाएगा।