पंचायत चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन के लिए बुधवार को कोसीकलां में हरियाणा और राजस्थान के पुलिस अधिकारियों के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बैठक की। पंचायत चुनाव के दिन सीमावर्ती बार्डर को सील करने और शराब माफियाओं पर लगाम कसने पर जोर दिया गया।
बैठक में भरतपुर (राजस्थान) और पलवल (हरियाणा) के एसपी, एसपी देहात, बार्डर के थाना के एसएचओ, सर्किल आफिसर के साथ स्थानीय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. राकेश सिंह ने पंचायत चुनाव पर चर्चा की। सुरक्षा व्यवस्था और चुनाव के दौरान गांवों में बंटने वाली मुफ्त की शराब पर रोक पर अधिक जोर रहा।
बाहरी लोगों को बुलाकर माहौल खराब करने पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि कोसीकलां, मगोर्रा, गोवर्धन, बरसाना, फरह से हरियाणा और राजस्थान से मिलने वाली सीमा को बैरियर लगाकर सील करने की व्यवस्था की जाए। मिलकर शराब माफियाओं के विरुद्ध अभियान चलाया जाए। बैठक में सीओ सिटी, सीओ सदर, थानाध्यक्ष मगोर्रा, फरह, गोवर्धन, बरसाना, कोसीकलां के थाना प्रभारी आदि मौजूद रहे।