मथुरा में मुड़िया मेला सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। एसएसपी ने मेला क्षेत्र को नौ सुपर जोन, 21 जोन और 62 सेक्टर में विभाजित किया। साथ ही नौ एएसपी और 21 सीओ समेत 3235 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा।
पीएसी की दो और आरआरएफ की एक कंपनी तैनात रहेगी। साथ ही 31 वॉच टावर, 146 बैरियर, 37 अस्थायी पुलिस चौकी, 61 पार्किंग और 183 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी। एसएसपी ने एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत को मेला का नोडल अधिकारी बनाया है।
हर साल की तरह इस साल भी 469वां राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला चार से 11 जुलाई तक आयोजन किया जाएगा। यहां देशभर के लाखों भक्त 21 कोसीय परिक्रमा लगाने के लिए यहां आएंगे। यह मेला पांच दिन तक चलेगा। इसकी सुरक्षित व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने सोमवार को एएसपी, सीओ, यातायात पुलिसकर्मी और पीएसी समेत अन्य पुलिस बल को तैनात करने के निर्देश दिए हैं। इसमें एएसपी-नौ, सीओ-21, निरीक्षक-70, उपनिरीक्षक- 498, हेडकांस्टेबल-1565, कांस्टेबल- 190, होमगार्ड- 400, निरीक्षक यातायात- तीन, उपनिरीक्षक यातायात- 43, हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल यातायात-139 को ड्यूटी लगाई गई है।
इसके साथ ही रेडियो निरीक्षक- दो, रेडियो उपनिरीक्षक- 14, पीएसी की दो कंपनी, पीएसी फ्लड की दो प्लाटून, आरआरएफ की एक कंपनी और एसडीआरएफ समेत अन्य विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। इसके अलावा ड्रोन कैमरों से निगरानी भी सुनिश्चित होगी। ताकि सकुशल मेला संपन्न हो सके।