छह दिसंबर को लेकर मथुरा जिले में सुरक्षा पहरा कड़ा कर दिया गया है। अतिसंवेदनशील श्रीकृष्ण जन्मस्थान और मथुरा रिफाइनरी में सुरक्षा जवानों को सजग व सतर्क रहने के निर्देश हैं। बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ इलाकों में पुलिस और खुफिया तंत्र हरकत में दिखाई दे रहा है।
अयोध्या में बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद छह दिसंबर को कुछ लोग इसे शौर्य दिवस के रूप में मनाते हैं, वहीं इसे काला दिवस रूप में भी मनाया जाता है। सेामवार को अतिसंवेदनशील श्रीकृष्ण जन्मस्थान और मथुरा रिफाइनरी का सुरक्षा घेरा और कड़ा दिखाई दिया। इन दोनों स्थलों पर सुरक्षा में जुटे जवान और ब्लैक कमांडो ने चहलकदमी बढ़ा दी।
जन्मस्थान के ग्रीन, रेड एवं यलो जोन में सख्ती बरती जाने लगी। दर्शनों को आए श्रद्धालुओं को कड़ी सुरक्षा के मध्य से होकर गुजरना पड़ा। इसके अलावा शहर की घनी बस्तियां और भीड़भाड़ वाले इलाके में पुलिस की चौकसी दिखी। वाहनों की सघन चेकिंग की गई। सोमवार की दोपहर से एसएसपी मोहित गुप्ता ने जिला पुलिस को सतर्क व सजग रहने के निर्देश दिए। शाम को कैंप कार्यालय पर अधीनस्थों के साथ मंत्रणा करके कड़ी सुरक्षा को ताकीद किया।